Tuesday, March 3, 2026
Home Current News Weather Update : उत्तर भारत में कोहरे का सितम, जानें कैसा रहेगा...

Weather Update : उत्तर भारत में कोहरे का सितम, जानें कैसा रहेगा आपके राज्य में मौसम ?

Advertisement

इस समय उत्तर भारत घने कोहरे की चपेट में हैं। इसलिए मौसम विभाग ने पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित उत्तर भारत के राज्यों में अलर्ट जारी किया है। जिसमें पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का और मुक्तसर शामिल है।

16 दिसंबर को चलेगी तेज हवा

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। जिसके कारण तेज हवाएं चलने की संभावन है। 16 दिसंबर को 20–30 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बता दें कि अगले सात दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। रात का तापमान अगले 48 घंटों में 2 डिग्री घटेगा, फिर धीरे-धीरे बढ़ेगा।

दिल्ली में AQI बेहद खराब श्रेणी में दर्ज

दिल्ली में सोमवार को स्मॉग की मोटी परत छाई रही। एयर क्वॉलिटी इंडेक्स ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया, वजीरपुर में AQI 500 दर्ज किया गया, जो अधिकतम सीमा है। जानकारी के अनुसार प्रदूषण के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 228 उड़ानें रद्द की गईं। साथ ही, सरकार ने 5वीं तक के स्कूलों को ऑनलाइन और 11वीं तक के स्कूलों को हाइब्रिड मोड में चलाने का आदेश दिया है।

हरियाणा में कोहरे से राहत

दो दिन की घनी धुंध के बाद रविवार को सोनीपत, रेवाड़ी, झज्जर, फतेहाबाद और पंचकूला में मौसम साफ रहा। हालांकि, IMD ने दक्षिण हरियाणा, राजस्थान सीमा और NCR जिलों में फिर से कोहरे का अलर्ट जारी किया है। नारनौल में न्यूनतम तापमान 6.0°C, सिरसा में 6.2°C, हिसार में 6.6°C और पंचकूला में 6.9°C दर्ज हुआ। इसके अलावा गुरुग्राम और पंचकूला में तापमान में 2°C तक गिरावट आई है। चरखी दादरी में अधिकतम तापमान 25.7°C और यमुनानगर में न्यूनतम 20.7°C रहा।

उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिन रहेगा शुष्क मौसम

उत्तर प्रदेश में कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, कानपुर, आगरा, मथुरा और इटावा में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने बताया कि 17 से 21 दिसंबर तक यूपी में शुष्क मौसम रहेगा, हालांकि सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा पड़ सकता है।

उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के 3700 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।