मंगलवार दोपहर Delhi-NCR में अचानक मौसम ने करवट ले ली। आसमान पर घने काले बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई, जिससे दिन के समय ही अंधेरे जैसे हालात बन गए। मौसम विभाग पहले ही आज के लिए बारिश का अलर्ट जारी कर चुका था, ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक साथ सक्रिय हुए दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी वजह से कभी भी तेज बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। सोमवार को भी कुछ समय के लिए ऐसा ही मौसम देखने को मिला था।
येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ दोपहर बाद हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं शाम तक 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से जहां शहरों में मौसम सुहावना बना हुआ है, वहीं ग्रामीण इलाकों में यह बारिश किसानों के लिए चिंता का कारण बन रही है। फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, अप्रैल के पहले हफ्ते तक बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है। दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। कुल मिलाकर, जहां एक ओर लोगों को तपती गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं दूसरी ओर मौसम का यह बदला मिजाज किसानों के लिए चुनौती बनता दिख रहा है।