कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव के लिए मतदान, सोनिया और प्रियंका गांधी ने डाला वोट

Sonia_Priyanka Gandhi

देश की सबसे पुरानी पार्टी अखिल भारतीय कांग्रेस के नए अध्यक्ष के लिए वोटिंग जारी है। इस बार मुकाबला वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच है।

कांग्रेस के नए अध्यक्ष के लिए अपना पहला वोट वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने तो दूसरा वोट जयराम रमेश ने कांग्रेस मुख्यालय में डाल दिया है।

वहीं, कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी दिल्ली में AICC कार्यालय में अपना वोट डाला।

देशभर के 9800 पीसीसी डेलीगेट (वोटर) 40 पोलिंग स्टेशन के 68 पोलिंग बूथ पर मतदान करेंगे। मतदान होने के बाद आज ही मतपेटियों को दिल्ली लाया जाएगा। फिर 19 को मतगणना होगी और कांग्रेस को नया गैर गांधी अध्यक्ष मिल जाएगा।

बता दें कि कांग्रेस पार्टी में यह चुनाव करीब 22 साल बाद हो रहे हैं इससे पहले सोनिया गांधी बनाम जितेंद्र प्रसाद मुकाबला हुआ था, जिसे सोनिया ने आसानी से जीत लिया था। अबकी बार गांधी परिवार सक्रिय राजनीति में रहते हुए अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ रहा। इससे पहले 2017 में राहुल गांधी दिसंबर महीने में निर्विरोध अध्यक्ष बने थे।