Monday, March 2, 2026
Home Current News UP News : अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को पूरे हुए...

UP News : अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को पूरे हुए दो साल, अब तक करोड़ों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Advertisement

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को आज (22 जनवरी) दो वर्ष पूरे हो गए हैं। इसलिए, आज सुबह से ही राम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

दो वर्षों में बदली अयोध्या की तस्वीर

बीते दो वर्षों में अयोध्या नगरी का स्वरूप तेजी से बदला है। राज्य सरकार की ओर से बुनियादी ढांचे,पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास को लगातार गति दी गई है। श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या दीपोत्सव जैसे आयोजनों का आकार और भव्यता भी बढ़ी है।

करीब 500 वर्षों का लंबा इंतजार पूरा

श्रीराम मंदिर के इतिहास में 22 जनवरी 2024 का दिन विशेष महत्व है। करीब 500 वर्षों के लंबे इंतजार, संघर्ष और बलिदानों के बाद रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए। 9 नवंबर 2019 को सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले से भूमि विवाद का समाधान हुआ और रामलला विराजमान के पक्ष में निर्णय आने के बाद मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ।

ट्रस्ट गठन से प्राण प्रतिष्ठा तक का सफर

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर केंद्र सरकार ने 5 फरवरी 2020 को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन किया। ट्रस्ट के गठन के बाद मंदिर निर्माण की प्रक्रिया तेज हुई। इसके छह महीने बाद, 5 अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना महामारी के बीच राम मंदिर का भूमि पूजन किया। निर्माण के पहले चरण के पूर्ण होने पर 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री ने ही प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लिया।

करोड़ों लोगों ने किए दर्शन

श्रीराम मंदिर में हर दिन औसतन एक लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान 45 दिनों में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने अयोध्या आकर रामलला के दर्शन किए। बीते दो वर्षों में कुल मिलाकर लगभग 10 करोड़ लोग श्रीराम मंदिर में दर्शन कर चुके हैं।