Tuesday, February 10, 2026
Homeराज्यउत्तर प्रदेशUP News: प्रयागराज में माघ मेले की भव्यता चरम पर, संगम तट...

UP News: प्रयागराज में माघ मेले की भव्यता चरम पर, संगम तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

विश्व प्रसिद्ध माघ मेले का शुभारंभ 3 जनवरी को पौष पूर्णिमा के पावन स्नान पर्व के साथ भव्य रूप से हो चुका है। संगम की पवित्र रेती पर श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। एकादशी के पावन पर्व पर भी संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। तड़के सुबह से ही विभिन्न घाटों पर स्नानार्थियों का तांता लगा है और “हर हर गंगे” के जयघोष से पूरा मेला क्षेत्र गूंज उठा है। श्रद्धालु स्नान, दान और पूजा-अर्चना कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव कर रहे हैं।

मकर संक्रांति पर बनेगा दुर्लभ संयोग

इस वर्ष मकर संक्रांति को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। मकर संक्रांति का शुभ स्नान मुहूर्त रात 12 बजकर 03 मिनट से प्रारंभ होकर 16 जनवरी की रात 12 बजकर 03 मिनट तक रहेगा। खास बात यह है कि इसी दिन सूर्य देव मकर राशि में प्रवेश करेंगे। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह दुर्लभ और अत्यंत शुभ संयोग है, जिससे इस दिन किए गए स्नान और दान का विशेष पुण्य फल प्राप्त होगा।

अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया स्नान

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, बीती रात 12 बजे से अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर और मेला क्षेत्र में कई स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू किए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, एआई कैमरों से निगरानी

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए माघ मेला क्षेत्र में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर एनडीआरएफ, जल पुलिस, आरएएफ और स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए 300 से अधिक अत्याधुनिक एआई कैमरे लगाए गए हैं। तीन सीसीटीवी कंट्रोल रूम से 24 घंटे मेले की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

डेढ़ से दो करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान

प्रशासन का अनुमान है कि एकादशी और मकर संक्रांति के अवसर पर कुल डेढ़ से दो करोड़ श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया गया है। प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित माघ मेले का अनुभव कराने के लिए हर स्तर पर पूरी तैयारी कर ली गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments