Tuesday, February 10, 2026
HomeCurrent NewsUP NEWS : मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस से...

UP NEWS : मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने रौंदा, 6 की मौत

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने स्लीपर बस से नीचे उतरे यात्रियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

यह हादसा थाना सुरीर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 88 के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक स्लीपर बस नोएडा से फर्रुखाबाद जा रही थी। यात्रा के दौरान कुछ यात्री लघु शंका के लिए बस से नीचे उतरे थे। इसी दौरान कुछ अन्य यात्री भी बस के पास सड़क किनारे खड़े हो गए।

तेज रफ्तार कंटेनर ने यात्रियों को कुचला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी वक्त एक तेज रफ्तार कंटेनर आया और अनियंत्रित होकर बस से उतरे यात्रियों को टक्कर मारते हुए उन्हें रौंदता चला गया। अचानक हुए इस हादसे में यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और कई लोग मौके पर ही दम तोड़ बैठे।

घटना के बाद मचा हड़कंप

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

पुलिस ने घायल यात्री को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतकों की पहचान

इस हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनकी पहचान सोनू (42 वर्ष), देवेश, असलम (27 वर्ष), संतोष (45 वर्ष) और दो अन्य के रूप में हुई है। वहीं, औरैया निवासी शिवकांत दुबे (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments