हरियाणा के यमुनानगर जिले के सलेमपुर गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां LPG सिलेंडर फटने से 7 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 11 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को पहले जगाधरी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर अधिकांश को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
गैस भरेने के दौरान हुआ धमाका
यह हादसा सुबह करीब 8 बजे उस समय हुआ, जब घर के अंदर एक बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ और पूरे कमरे में आग फैल गई। आग की चपेट में आकर वहां मौजूद लोग बुरी तरह झुलस गए।
50-60% तक झुलसे लोग
डॉक्टरों के मुताबिक, ज्यादातर घायलों का शरीर 50 से 60 प्रतिशत तक जल चुका है। एक गर्भवती महिला की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। एक घायल का इलाज फिलहाल जगाधरी सिविल अस्पताल में चल रहा है, जबकि बाकी 10 लोगों को पीजीआई भेजा गया है। धमाका इतना जोरदार था कि घर की दीवारें ढह गईं और लेंटर में भी दरारें आ गईं। आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
बड़ा हादसा टला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से करीब आधा घंटा पहले कई लोग काम के लिए फैक्ट्री निकल गए थे। अगर वे कमरे में मौजूद होते, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। घायल रामसरण के अनुसार, एक सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी। अचानक सिलेंडर गिरने से कमरे में गैस फैल गई और बाहर जल रहे चूल्हे की आग से संपर्क में आते ही धमाका हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में लापरवाही के चलते हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह मकान प्रवासी मजदूरों का निवास था, जहां करीब 17 कमरों में कई परिवार रहते हैं। हादसे के समय अधिकतर लोग काम पर जा चुके थे।
Read More
‘धुरंधर 2’ को OTT पर देखने के लिए करना होगा लंबा इंतजार, बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई के चलते मेकर्स ने बदली रिलीज स्ट्रैटेजी