बर्फबारी से कश्मीर में यातायात प्रभावित, पहाड़ी इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी

कश्मीर में बर्फबारी से जहां एक तरफ पर्यटक काफी खुश है तो दूसरी तरफ जन-जीवन पर इसका असर भी देखने को मिल रहा है। श्रीनगर हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गई। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि कश्मीर के मैदानी इलाकों में मध्यम बर्फबारी हुई, जबकि ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी हुई।

उन्होंने आगे बताया कि सड़कों से बर्फ हटाने का काम किया जा रहा है ताकि वाहनों की आवाजाही संभव हो सके लेकिन सड़कों पर फिसलन होने के कारण यातायात धीमा हो गया है।

पहाड़ी इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी

अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि, कश्मीर के पर्वतीय इलाकों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है और स्थानीय निवासियों से अगले 24 घंटों के लिए अनावश्यक आवाजाही से बचने का आग्रह किया है। बर्फबारी के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है लेकिन घाटी के अधिकांश स्थानों पर दिन के तापमान में गिरावट आई है।