Wednesday, February 18, 2026
HomeCurrent Newsहरियाणा में ये प्रत्याशी अपने आप को ही नहीं दे सकते वोट,...

हरियाणा में ये प्रत्याशी अपने आप को ही नहीं दे सकते वोट, जानें क्यों

हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। मतदान को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। 90 सीटों पर कुल 1031 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज (5 अक्टूबर) EVM में कैद हो जाएगा। आपको बता दें कि राज्य में 2.03 करोड़ मतदाता मतदान में हिस्सा लेने के पात्र हैं। वहीं, राज्य में 46 उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जो खुद को वोट नहीं दे पाएंगे।

दरअसल, हरियाणा विधानसभा 2024 के चुनाव में 46 ऐसे उम्मीदवार मैदान में हैं, जो खुद को वोट नहीं दे पाएंगे। क्योंकि, वे अपनी गृह विधानसभा को छोड़कर दूसरी विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं। इन 46 उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा बीजेपी के 21 और कांग्रेस के 9, इनेलो-बसपा गठबंधन के 6, आम आदमी पार्टी के 4, JJP-ASP गठबंधन के 3 और तीन निर्दलीय उम्मीदवार हैं। इन 46 उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अलावा पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का नाम भी शामिल है।

इसके अलावा कांग्रेस नेता विनेश फोगाट का नाम भी इस सूची में शामिल है। नायब सिंह सैनी लाडवा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि उनका खुद का विधानसभा क्षेत्र नाराणगढ़ है। दुष्यंत चौटाला उचाना सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि उनका खुद का विधानसभा क्षेत्र डबवाली है। विनेश फोगाट जुलाना सीट से चुनाव लड़ रही हैं, जबकि उनका खुद का विधानसभा क्षेत्र चरखी दादरी है।

भाजपा को तीसरी बार सत्ता में वापसी की उम्मीद

भाजपा ने तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए हरसंभव प्रयास किया है। वहीं, कांग्रेस ने भी सत्ता विरोधी लहर, किसान आंदोलन और पहलवानों के विरोध के मुद्दों पर भाजपा को घेरा है। इसके चलते उन्होंने अपनी पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की भरपूर कोशिश की है। इसका फायदा उन्हें मिल पाएगा या नहीं, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

8 अक्टूबर को आएंगे नतीजे

हरियाणा में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी की इंडियन नेशनल लोकदल-बहुजन समाज पार्टी और जननायक जनता पार्टी-एएसपी गठबंधन के बीच मुकाबला है। हरियाणा में 90 सीटों के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गया है और शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान के लिए राज्य में 20,632 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments