तमिलनाडु की राजनीति इस समय पूरी तरह चुनावी रंग में रंगी हुई है। सत्तारूढ़ डीएमके के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन जहां दूसरी बार सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में जुटे हैं, वहीं विपक्षी एआईएडीएमके के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पडी के. पलानीस्वामी (ईपीएस) ने एनडीए गठबंधन के साथ वापसी की रणनीति तेज कर दी है।
गठबंधन में भाजपा, पीएमके और एएमएमके शामिल
इस गठबंधन में भाजपा, पीएमके और एएमएमके शामिल हैं, जबकि एआईएडीएमके खुद 169 से 178 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसी बीच पार्टी ने अपनी तीसरी और अंतिम उम्मीदवार सूची जारी कर दी है, जिसमें चेन्नई समेत 17 अहम विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं।
पलानीस्वामी ने संकेत दिया है कि पार्टी इस बार अनुभवी नेताओं पर भरोसा जता रही है, ताकि संगठन मजबूत रहे और वोट बैंक एकजुट किया जा सके। गठबंधन की सफलता एआईएडीएमके की वापसी में अहम भूमिका निभाएगी, जबकि किसी भी तरह की दरार डीएमके के लिए फायदा साबित हो सकती है।
जारी सूची में थाउजेंड लाइट्स, अन्नानगर, चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी, हार्बर, वेलाचेरी, शोलिंगनल्लूर, कोलाथूर, एग्मोर और आलंगुडी सहित 17 महत्वपूर्ण सीटों पर उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इनमें कई पूर्व मंत्री, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं, जिससे साफ है कि पार्टी अनुभव और संगठनात्मक मजबूती के दम पर चुनावी मैदान में उतर रही है।
AIADMK की जारी तीसरी सूची में 17 सीटों के उम्मीदवार
थाउजेंड लाइट्स से पी. वलारमथि, अन्नानगर से एस. गोकुला इंदिरा, चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी से आदी राजाराम, तित्तकुड़ी (आरक्षित) से एन. मुरुगुमरन, हार्बर से रोयापुरम आर. मनो, विरुगंबक्कम से वी.एन. रवि, तियागरायनगर से बी. सथियनारायणन, वेलाचेरी से एम.के. अशोक, शोलिंगनल्लूर से के.पी. कंथन, डॉ. राधाकृष्णन नगर से आर.एस. राजेश, विल्लिवक्कम से एस.आर. विजयकुमार, तिरुचुझी से एम.एस.आर. राजगोपालन, आलंदूर से एस. सारवनन, कोलाथूर से पी. संताना कृष्णन, तिरु.वी.का. नगर (आरक्षित) से ए. पोरकोडी, एग्मोर (आरक्षित) से अभिषेक रंगासामी और आलंगुडी से थाना विमल।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल 2026 को एक ही चरण में आयोजित किए जाएंगे, जबकि मतगणना और नतीजे 4 मई 2026 को घोषित होंगे। एआईएडीएमके को भरोसा है कि अनुभवी उम्मीदवारों और गठबंधन की मजबूती के दम पर वह राज्य में विकास की रफ्तार को आगे बढ़ाएगी और अन्ना की विचारधारा को मजबूत करेगी। पार्टी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे स्थिर और बेहतर शासन के लिए सही निर्णय लें।
READ MORE: उपभोक्ता अदालत ने Flipkart को फटकारा, खराब टैबलेट बेचना पड़ा भारी

