भारत ने एशियाई पैरा खेलों के दूसरे दिन चार स्वर्ण सहित 18 पदक जीते

प्राची यादव मंगलवार को यहां एशियाई पैरा खेलों में पैरा कैनोइंग (पाल नौकायन) में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। उन्होंने लगातार दूसरे दिन देश के लिए पदक हासिल किया।

भारत ने मंगलवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन चार स्वर्ण सहित 18 पदक जीते। इससे देश के पदकों की कुल संख्या 35 हो गयी। भारत ने सोमवार को खेलों के पहले दिन छह स्वर्ण सहित 17 पदक जीते थे।

भारत 10 स्वर्ण, 12 रजत और 13 कांस्य के साथ चीन (155), ईरान (44) और उज्बेकिस्तान (38) के बाद तालिका में चौथे स्थान पर है।

  कैनोइंग वीएल2 वर्ग में सोमवार को रजत पदक जीतने वाली प्राची ने केएल2 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इन खेलों का दूसरा पदक हासिल किया।

दीप्ति जीवनजी (महिला टी20 400 मीटर), शरत शंकरप्पा मकनहल्ली (पुरुष टी13 5000 मीटर) और नीरज यादव (पुरुष एफ54/55/56 चक्का फेंक) मंगलवार को अन्य स्वर्ण पदक विजेता थे।

कमर से नीचे लकवाग्रस्त 28 साल की प्राची ने केएल2 स्पर्धा में 500 मीटर की दूरी तय करने के लिए 54.962 सेकंड का समय लिया। इस वर्ग में एथलीट अपने हाथ और शरीर के ऊपरी हिस्से का इस्तेमाल कर खुद को आगे बढ़ाते हैं। वह ग्वालियर की रहने वाली हैं।