हिमाचल प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 40,461 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। उन्होंने सदन में अनुपूरक मांगें रखते हुए हिमाचल प्रदेश विनियोग विधेयक 2026 भी प्रस्तुत किया, जिसे बाद में ध्वनि मत से पारित कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेजों में 100 असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती
मुख्यमंत्री सुक्खू ने घोषणा की कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 100 पद भरे जाएंगे। ये भर्तियां हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से होंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वॉक-इन इंटरव्यू की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है और केवल लिखित परीक्षा के आधार पर चयन होगा, ताकि सिफारिश की गुंजाइश खत्म हो सके।
400 MBBS डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया जारी
सीएम ने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 400 एमबीबीएस डॉक्टरों की भर्ती की जा रही है। इसके अलावा स्टाफ नर्स और रेडियोलॉजिस्ट के खाली पदों को भी भरा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले 6 महीनों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में स्टाफ की कमी दूर कर दी जाएगी और एक वर्ष के भीतर राज्य को मेडिकल टूरिज्म के क्षेत्र में आगे बढ़ाया जाएगा।
स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर जोर
सरकार आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कॉलेज सहित अन्य संस्थानों को बेहतर सुविधाओं के साथ संचालित करने पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार ने भर्तियों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया, जिसे अब सुधारा जा रहा है।
विधानसभा के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन
वहीं, विधानसभा परिसर में विपक्ष ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों ने खनन माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और कटआउट के साथ विरोध जताया।
Read More
जेल से वापस आया आशिक, फिर प्रेमिका को फंसाने के लिए कानपुर सेंट्रल को बम से उड़ाने की दी धमकी

