Thursday, February 19, 2026
HomeCurrent Newsपूर्व PM डॉ. मनमोहन सिंह का निधन, राजनीतिक के साथ खेल जगत...

पूर्व PM डॉ. मनमोहन सिंह का निधन, राजनीतिक के साथ खेल जगत भी शोक में डूबा 

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार को 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया जिसके बाद भारतीय राजनीतिक दुनिया के साथ खेल जगत भी शोक में डूबा हुआ है। गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था हालांकि, चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बाद भी उन्हें बचा नहीं सका। उनके निधन की खबर से खेल जगत भी गमगीन हो गया।

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने दुख जताते हुए कहा कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री श्री मनमोहन सिंह जी के निधन पर मेरी हार्दिक संवेदनाएं।

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के फिरकी गेंदबाज हरभजन सिंह ने भी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ‘मैं एक सज्जन व्यक्ति और दूरदर्शी नेता पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आकस्मिक निधन की खबर से दुखी हूं’।

वहीं पूर्व भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी युवराज सिंह ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर दुःख जताते हुए कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की खबर बेहद दुखद है। एक दूरदर्शी नेता और सच्चे राजनेता जिन्होंने भारत की प्रगति के लिए अथक प्रयास किया, उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता को हमेशा याद रखा जाएगा।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में वेरी-वेरी स्पेशल के नाम से प्रसिद्ध वीवीएस लक्ष्मण ने भी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ।

वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता और पूर्व पहलवान विनेश फोगाट ने कहा- भारत ने आज एक ऐसे महानायक को खो दिया, जिन्होंने अपनी असाधारण बुद्धिमत्ता, सादगी और दूरदृष्टि से देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। डॉ. मनमोहन सिंह केवल एक प्रधानमंत्री नहीं थे, बल्कि वे एक विचारक, अर्थशास्त्री और सच्चे देशभक्त थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments