केरल के वंडूर इलाके में कांग्रेस सांसद Shashi Tharoor के काफिले पर हमले का मामला सामने आया है। इस घटना में उनके गनमैन और ड्राइवर घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य हमलावरों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे चेलिथोडे इलाके में हुई, जब थरूर एक चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में एक पुल के पास सड़क संकरी होने के कारण जाम की स्थिति बन गई थी। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार करीब पांच लोगों ने काफिले को रोक लिया।
रास्ता साफ करने को लेकर हुआ विवाद
एफआईआर के मुताबिक, जब गनमैन रतीश ने आगे खड़ी गाड़ी हटाने के लिए कहा, तो आरोपियों ने अचानक गनमैन और ड्राइवर पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद गनमैन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी को देर रात हिरासत में ले लिया गया है और बाकी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे असल वजह क्या थी।
घटना के बाद शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके सुरक्षा कर्मी अब ठीक हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने चिंता जताने वाले सभी लोगों का आभार जताया और बताया कि इस घटना के बावजूद उन्होंने अपने तय कार्यक्रम पूरे किए।