दिल्ली में कल कई जगह रास्ते होंगे बंद, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली में इंडियन आर्मी वेटरंस हाफ मैराथन का आयोजन भारतीय सेना की ओर से किया जा रहा है। इस मैराथन में 4 हजार से अधिक लोग भाग लेंगे। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से यह मैराथन सुबह 6 बजे शुरू होगी और इंडिया गेट तक जाकर वहां से धावक वापस स्टेडियम लौटेंगे। इस दौरान साउथ और नई दिल्ली के कुछ रास्तों पर लोगों की आवाजाही रोकी जाएगी और ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।

बता दें कि, ट्रैफिक को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मैराथन में शामिल होने वाले धावक फ्लैग ऑफ के बाद जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के गेट नंबर 10 से बाहर निकलेंगे और दयाल सिंह कॉलेज, लोधी रोड, सफदरजंग मदरसा, अरविंदो मार्ग, तुगलक रोड, गोल मैथी, कृष्णा मेनन मार्ग, के कामराज मार्ग, सुनहरी मस्जिद, उद्योग भवन गोल चक्कर, मोतीलाल नेहरू मार्ग, विजय चौक, कर्तव्य पथ, रफी मार्ग, नीति आयोग, डॉ राजेंद्र प्रसाद मार्ग, जनपथ और कर्तव्य पथ से होते हुए सी-हेक्सागन इंडिया गेट तक जाएंगे। वहां से रिवर्स होकर सभी धावक उसी रूट से होते हुए वापस जवाहरलाल नेहरू स्टेडयिम तक जाएंगे, जिस रूट से वो आए थे।