Thursday, February 19, 2026
HomeCurrent Newsहरियाणा से रेखा शर्मा बनी BJP की राज्यसभा सांसद, 2028  तक रहेगा...

हरियाणा से रेखा शर्मा बनी BJP की राज्यसभा सांसद, 2028  तक रहेगा कार्यकाल 

चंद्रशेखर धरणी : राज्यसभा के उपचुनाव को लेकर जारी प्रक्रिया के बीच हरियाणा से बीजेपी की प्रत्याशी रेखा शर्मा को निर्विरोध राज्यसभा का सांसद घोषित कर दिया गया है। रेखा शर्मा के विरोध में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के अलावा किसी अन्य दल ने भी अपने प्रत्याशी को चुनावी मैदान में नहीं उतारा था। आज यानि 13 दिसंबर को नामांकन वापसी का अंतिम दिन होने के कारण दोपहर बाद उन्हें जीत का सर्टिफिकेट दे दिया गया। राज्यसभा सांसद के तौर पर रेखा शर्मा का कार्यकाल 2028 तक रहेगा। रेखा को विजेता घोषित किए जाने के समय उनके साथ हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और पूर्व विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता मौजूद रहे। रिटर्निंग अधिकारी आईएएस अशोक कुमार मीणा ने रेखा शर्मा को जीत का सर्टिफिकेट सौंपा।

90 सीटों वाली हरियाणा विधानसभा में भाजपा के 48 विधायक हैं जबकि 3 निर्दलीयों का भी उन्हें समर्थन है। ऐसे में बीजेपी उम्मीदवार की जीत पहले से ही तय थी। रेखा शर्मा ने नामांकन के आखिरी दिन 10 दिसंबर को आवेदन किया था। बता दें कि हरियाणा की 5 राज्यसभा सीटें हैं। इनमें से 4 पर भाजपा सीधे काबिज हो चुकी है। जिनमें रेखा शर्मा और उनसे पहले सुभाष बराला, रामचंद्र जांगड़ा और किरण चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा भी भाजपा के समर्थन से राज्यसभा सांसद चुने जा चुके हैं। उनकी मां शक्तिरानी शर्मा कालका से भाजपा की विधायक हैं।

रेखा शर्मा का राजनीतिक करियर

साल 1964 में जन्मी रेखा शर्मा ने उत्तराखंड से पॉलिटिकल साइंस की डिग्री लेने के बाद मार्केटिंग और एडवरटाइजिंग में डिप्लोमा किया। हालांकि, इसके बाद उनका करियर सीधे राजनीति को ओर बढ़ निकला। हरियाणा में पंचकूला भाजपा की जिला सेक्रेटरी थीं। साथ ही साथ मीडिया विभाग भी संभाला करती थीं। इसमें उनकी एडवरटाइजिंग की पढ़ाई काफी काम आई। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद वर्ष 2015 में उन्हें राष्ट्रीय महिला आयोग का चेयरपर्सन लगाया गया था। जिसके बाद 2018 में उनका कार्यकाल दोबारा बढ़ा दिया गया था। रेखा शर्मा लगभग 9 वर्ष तक राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन रही हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments