अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने बयान से चर्चा छेड़ दी है। सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने दावा किया कि वेनेजुएला में उनकी लोकप्रियता काफी ज्यादा है और अपने अमेरिकी कार्यकाल के बाद वह वहां राष्ट्रपति चुनाव भी लड़ सकते हैं।
“वेनेजुएला में जीत सकता हूं चुनाव”
ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला के लोग उन्हें पसंद करते हैं और अगर वह वहां चुनाव लड़ते हैं तो उनका वोट प्रतिशत किसी भी अन्य उम्मीदवार से ज्यादा हो सकता है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद वेनेजुएला जा सकते हैं। उनके इस बयान पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े।
स्पेनिश सीखने की जताई इच्छा
ट्रंप ने यह भी कहा कि वह जल्द ही स्पेनिश भाषा सीखेंगे। उन्होंने कहा, “मैं भाषाएं सीखने में अच्छा हूं और जल्दी ही स्पेनिश सीख लूंगा।” उन्होंने इसे वेनेजुएला जाने की अपनी संभावित योजना से भी जोड़ा।
मौजूदा नेतृत्व की तारीफ
हालांकि ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि वेनेजुएला के मौजूदा नेतृत्व से उनके अच्छे संबंध हैं और वह उनके काम से संतुष्ट हैं। वर्तमान में वहां की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
45 मिनट में खत्म हुआ विवाद – ट्रंप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने अमेरिका-वेनेजुएला विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि यह केवल 45 मिनट में खत्म हो गया था। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने वेनेजुएला से बड़ी मात्रा में तेल हासिल किया है, जिससे युद्ध का खर्च भी निकल गया।
मादुरो की गिरफ्तारी का जिक्र
गौरतलब है कि जनवरी में अमेरिकी सेना ने एक ऑपरेशन में वेनेजुएला के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था। फिलहाल दोनों पर अमेरिका में ड्रग तस्करी के आरोपों में मुकदमा चल रहा है। ट्रंप के इस बयान के बाद राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में नई बहस छिड़ गई है, हालांकि उनके इस दावे को कई लोग हल्के-फुल्के अंदाज में भी देख रहे हैं।
Read More

