Thursday, February 19, 2026
HomeCurrent Newsपुतिन ने भारत की तारीफ के साथ कहा- 'भारत भी सुपर पॉवर...

पुतिन ने भारत की तारीफ के साथ कहा- ‘भारत भी सुपर पॉवर देशों की सूची में हो शामिल’

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर भारत की तारीफ की है और कहा है कि भारत और रूस के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है। पुतिन ने भारत को एक महान देश बताया और कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति और इसकी विशालता को ध्यान में रखते हुए इसे वैश्विक महाशक्तियों की सूची में शामिल किया जाना चाहिए। पुतिन ने रूसी शहर सोची में वल्दाई डिस्कशन क्लब नामक कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान यह बात कही।

‘भारत-रूस संबंध लगातार विकसित हो रहे हैं’

पुतिन ने अपने संबोधन में कहा कि ‘हम विभिन्न क्षेत्रों में भारत के साथ अपने संबंधों को विकसित कर रहे हैं। भारत एक महान देश है। आर्थिक विकास के मामले में भी यह बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में प्रमुख है। इसकी जीडीपी 7.4 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। रूस और भारत के बीच सहयोग हर साल बढ़ रहा है।’ पुतिन ने सोवियत संघ के समय से ही भारत के साथ रूस के संबंधों का जिक्र किया और दोनों देशों के संबंधों को बेहद खास बताया। पुतिन ने कहा कि भारत की आजादी में सोवियत संघ की भी भूमिका रही है।

पुतिन ने कहा कि ‘भारत को वैश्विक महाशक्तियों की सूची में शामिल किया जाना चाहिए। यह 1.5 अरब लोगों का देश है और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। इसकी संस्कृति बहुत प्राचीन है और भविष्य में इसके विकास की अपार संभावनाएं हैं।’

रक्षा क्षेत्र में भी सहयोग

रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और रूस रक्षा क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं के पास कई रूसी हथियार हैं। यह दोनों देशों के बीच विश्वास को दर्शाता है। हम न केवल भारत को अपने हथियार बेचते हैं बल्कि उन्हें मिलकर डिजाइन भी करते हैं। गौरतलब है कि भारत और रूस ने मिलकर ब्रह्मोस मिसाइल विकसित की है। ब्रह्मोस का नाम भारत की ब्रह्मपुत्र और रूस की मोस्कवा नदी के नामों को मिलाकर ब्रह्मोस रखा गया है। इस मिसाइल को भारत के डीआरडीओ और रूस के एनपीओ ने मिलकर विकसित किया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments