पंजाब के सबसे व्यस्त और महंगे माने जाने वाले लाडोवाल टोल प्लाजा(Ladowal Toll Plaza) पर 1 अप्रैल से एक बार फिर टोल दरों में बढ़ोतरी लागू कर दी गई है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने नए रेट जारी किए हैं, जिसके तहत वाहनों पर लगने वाले टोल शुल्क में 5 रुपये तक का इजाफा किया गया है।
सिर्फ रेट ही नहीं बढ़े, बल्कि भुगतान के तरीके में भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब टोल प्लाजा पर कैश लेन पूरी तरह बंद कर दी गई हैं। यानी वाहन चालकों को टोल पार करने के लिए केवल डिजिटल माध्यम, जैसे फास्टैग या UPI का ही इस्तेमाल करना होगा।
NHAI नोटिफिकेशन के आधार पर जारी हुई नई दरें
टोल प्रबंधन से जुड़े अधिकारी विपिन राय के मुताबिक, 27 मार्च को जारी NHAI के नोटिफिकेशन के आधार पर यह संशोधित दरें लागू की गई हैं। गौरतलब है कि पिछले साल भी 1 अप्रैल से टोल शुल्क में 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जिससे यह लगातार दूसरा साल है जब दरों में इजाफा हुआ है।
वाहन चालकों के लिए फास्टैग और UPI जरूरी
अब वाहन चालकों के लिए जरूरी है कि वे अपना फास्टैग सक्रिय रखें। अगर कोई फास्टैग का उपयोग नहीं करता, तो उसके पास UPI पेमेंट की सुविधा होना अनिवार्य है। बिना डिजिटल भुगतान के टोल प्लाजा पर पहुंचने पर या तो जुर्माना लगाया जा सकता है या वाहन को वापस भी किया जा सकता है।
दरअसल, टोल टैक्स की गणना होलसेल प्राइस इंडेक्स यानी Wholesale Price Index (WPI) के आधार पर की जाती है। इसके अलावा सड़क की लंबाई, इंफ्रास्ट्रक्चर, जैसे फ्लाईओवर और अंडरपास और उपलब्ध सुविधाओं को भी ध्यान में रखा जाता है। इस साल वार्षिक समीक्षा के तहत टोल दरों में करीब 2.5% से 10% तक का संशोधन किया गया है।