पंजाब में सीमा पार से हो रही ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस(Punjab Police) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पंजाब पुलिस के DGP गौरव ने बुधवार को इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि State Special Operation Cell (SSOC), फाजिल्का को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़े क्रॉस-बॉर्डर ड्रग और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है।
ऑपरेशन के दौरान आरोपी गिरफ्तार
इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2.102 किलोग्राम हेरोइन, कुल सात पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। जब्त हथियारों में एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्टल, 30 बोर की चार पिस्टल और 9 एमएम की दो अन्य पिस्टल शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान स्थित तस्करों से मंगाई गई थी, जिसका उद्देश्य पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और माहौल को अस्थिर करना था।
DGP ने बताया कि इस संबंध में SSOC थाना, फाजिल्का(Punjab Police) में FIR दर्ज कर ली गई है और पूरे नेटवर्क के पीछे जुड़े अन्य लोगों तथा आगे की कड़ियों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वह राज्य में सक्रिय सीमा पार तस्करी गिरोहों को जड़ से खत्म करने और सुरक्षित व नशामुक्त पंजाब के लक्ष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
BSF और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई राज्य में चल रहे व्यापक नशा-विरोधी अभियान का हिस्सा है। इससे पहले जनवरी 2026 में फाजिल्का के निकट BSF और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 2.1 किलोग्राम हेरोइन, 21 अत्याधुनिक पिस्टल (जिनमें ग्लॉक, बेरेटा और जिगाना जैसे मॉडल शामिल थे) तथा बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए थे।
उस दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से खेप भेजने की कोशिश को काउंटर इंटेलिजेंस और तकनीकी निगरानी के जरिए विफल कर दिया गया था। पुलिस ने उस साजिश को आईएसआई समर्थित बताया था, जिसका मकसद राज्य में गैंगस्टर गतिविधियों को हवा देना था।
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुई छापेमारियां
पंजाब में ड्रोन, पैदल मार्ग और अन्य तरीकों से पाकिस्तान की ओर से हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी लंबे समय से चुनौती बनी हुई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ जैसे अभियानों के तहत हजारों छापेमारियां की गई हैं और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ व अवैध हथियार जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे ताकि राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।