पंजाब में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए राज्य सरकार ने राहत प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान(CM Bhagwant Singh Mann) ने निर्देश दिए हैं कि फसल नुकसान का जल्द से जल्द आकलन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को उनके वास्तविक नुकसान के आधार पर मुआवजा दिया जाएगा और इसके लिए गिरदावरी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और कोई भी किसान असहाय नहीं छोड़ा जाएगा।
कई जिलों में भारी फसल नुकसान
राज्य के विभिन्न जिलों में खराब मौसम ने किसानों की फसलों को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। अमृतसर, बठिंडा, मुक्तसर, होशियारपुर, तरनतारन और फतेहगढ़ साहिब जैसे इलाकों से बड़े पैमाने पर फसल खराब होने की खबरें आई हैं। प्रभावित किसानों ने सरकार से मांग की है कि जल्द सर्वे करवाकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।
13 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 13 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में धार्मिक ग्रंथों के अपमान से जुड़े मामलों में कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए कानून में संशोधन प्रस्ताव लाया जाएगा। सरकार ने इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाने की बात कही है।