पंजाब कैबिनेट की बैठक 23 फरवरी को आयोजित की गई, जिसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान(CM Bhagwant Singh Mann) ने अहम घोषणाएं कीं। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने राज्य में “मेरी रसोई” योजना शुरू करने का ऐलान किया। सरकार का दावा है कि इस योजना से प्रदेश के लगभग 40 लाख परिवारों को लाभ मिलेगा।
‘मेरी रसोई’ योजना की शुरुआत
CM मान ने कहा कि, पंजाब और पंजाबी देश के अन्न भंडार को भरने के लिए जाने जाते हैं। हरित क्रांति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कठिन समय में पंजाब ने देश को खाद्य सुरक्षा देने में अहम भूमिका निभाई है।
अब राज्य सरकार जरूरतमंद परिवारों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नई पहल कर रही है। “मेरी रसोई” योजना के तहत नीले कार्ड धारकों को विशेष फूड किट प्रदान की जाएगी। यह किट सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से मिलने वाले गेहूं के अतिरिक्त होगी।
फूड किट में क्या-क्या मिलेगा?
सरकार द्वारा तैयार की जाने वाली किट में 2 किलो उड़द-चना दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो आयोडीन युक्त नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और 1 लीटर सरसों का तेल शामिल होगा। CM मान ने कहा कि इसका उद्देश्य परिवारों को अधिक पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि बच्चों में कुपोषण की समस्या को कम किया जा सके। उन्होंने बताया कि यह किट हर तीन महीने में वितरित की जाएगी। पहली खेप अप्रैल, मई और जून तिमाही के लिए जारी की जाएगी।
CM मान ने स्पष्ट किया कि किट में दिए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। सभी सामग्री का गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। उनका कहना था कि जैसे खिलाड़ियों की संतुलित डाइट जरूरी होती है, वैसे ही आम नागरिकों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी सरकार की जिम्मेदारी है।
बजट सत्र की हुई घोषणा
ब्रीफिंग के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने यह भी बताया कि पंजाब विधानसभा का बजट सत्र 6 मार्च से शुरू होकर 16 मार्च तक चलेगा। इस सत्र में राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं और वित्तीय प्रावधानों पर चर्चा की जाएगी।