Tuesday, February 10, 2026
HomeCurrent NewsPunjab: CM भगवंत मान ने संगत को दी बधाई, बोले- श्री गुरु...

Punjab: CM भगवंत मान ने संगत को दी बधाई, बोले- श्री गुरु रविदास जी का संदेश फैलाना सामूहिक फर्ज

श्री गुरु रविदास महाराज जी के 649वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्य स्तरीय समागम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने संगत को बधाई दी और कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी के संदेश को दुनिया भर में फैलाना हम सभी का सामूहिक फर्ज है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु जी ने भेदभाव से मुक्त और बराबरी वाले समाज की कल्पना की थी, जिसे अपनाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने संगत में हाजिरी लगाकर स्वयं को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास महाराज जी के आने वाले 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर मनाने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी। उन्होंने बताया कि इस अवसर को यादगार बनाने के लिए साल भर समागम आयोजित किए जा रहे हैं।

350वें शहादत दिवस की तरह 650वां प्रकाश पर्व भी बड़े स्तर पर मनाया जाएगा

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने हाल ही में नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादर जी के 350वें शहादत दिवस को श्रद्धा के साथ मनाया और अब श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को भी उसी भावना के साथ व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुरालगढ़ की पावन धरती से जुड़कर गर्व महसूस कर रहे हैं क्योंकि श्री गुरु रविदास जी ने यहां चार साल से अधिक समय तक रहकर भक्ति की और बराबरी का संदेश दिया।

PU और GNDU में रिसर्च चेयर स्थापित

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान विरासत को आगे बढ़ाने के लिए पंजाब सरकार ने पंजाब यूनिवर्सिटी और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में शोध के लिए चेयर स्थापित की हैं। उन्होंने कहा कि संत समाज के नेतृत्व में राज्य सरकार 650वें प्रकाश पर्व को लेकर लगातार कार्यक्रम करवाएगी।

गरीबों की भलाई के लिए सरकार वचनबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार समाज के कमजोर और पिछड़े वर्गों की समस्याएं दूर करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गरीब से गरीब व्यक्ति की भलाई सुनिश्चित हो, जिसके लिए कई लोक कल्याणकारी योजनाएं लागू की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी के आशीर्वाद से ही उनकी सरकार भारी बहुमत से सत्ता में आई।

स्कूल ऑफ एमिनेंस और शिक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाबा साहिब डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा पर चलते हुए पंजाब सरकार कमजोर वर्गों को बेहतर शिक्षा देकर सशक्त बना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्थापित ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ गरीब और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना: 10 लाख तक कैशलेस इलाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ लागू की जा रही है, जो पंजाब का सबसे बड़ा स्वास्थ्य सुधार कार्यक्रम है। इसके तहत अब हर परिवार को 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज मिलेगा। पहले यह सीमा 5 लाख रुपये थी जिसे बढ़ाकर 10 लाख कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना से करीब 65 लाख परिवारों को लाभ होगा।

खुरालगढ़ में 148 करोड़ की लागत से विश्व स्तरीय यादगार

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने खुरालगढ़ में करीब 148 करोड़ रुपये की लागत से विश्व स्तरीय यादगार तैयार की है। इसमें सैलानी सुविधाओं वाली इमारत, पार्किंग, मीनार-ए-बेगमपुरा, संगत हॉल, आधुनिक ऑडिटोरियम समेत कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

रविदास अध्ययन केंद्र के लिए 10 करोड़ की जमीन खरीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने श्री गुरु रविदास अध्ययन केंद्र के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से जालंधर के गांव फरीदपुर और नौगजा में 12 एकड़ जमीन खरीदी है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, दर्शन और बाणी के प्रचार के लिए एक आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित होगा।

मनीष सिसोदिया बोले- पूरे देश को चाहिए बराबरी का संकल्प

समागम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि खुरालगढ़ की इस पवित्र धरती पर आकर वह खुद को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने इसी धरती से मानवता और समानता का संदेश दिया था। सिसोदिया ने कहा कि पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी भी गुरु जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाएं देकर सभी वर्गों को बराबर अधिकार दे रही है। उन्होंने कहा कि सिर्फ पंजाब ही नहीं, पूरे देश को समानता के ऐसे संकल्प की जरूरत है।

समागम में कई मंत्री, सांसद, विधायक और संत समाज मौजूद

इस मौके पर कई कैबिनेट मंत्री, संसद सदस्य, विधायक, संत समाज की प्रमुख हस्तियां और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने संगत से पंजाब की शांति, तरक्की और खुशहाली के लिए अरदास करने की अपील करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी के आशीर्वाद से पंजाब को जल्द ही रंगला और प्रगतिशील बनाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments