Tuesday, March 3, 2026
Home Current News Punjab Budget Session: कांग्रेस विधायकों ने सदन से किया वॉकआउट

Punjab Budget Session: कांग्रेस विधायकों ने सदन से किया वॉकआउट

Advertisement
पंजाब विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। सोमवार को कांग्रेस ने शून्यकाल में बोलने की अनुमति न मिलने पर सदन से वॉकआउट कर दिया। कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा शून्यकाल में बोलना चाहते थे, लेकिन स्पीकर उन्हें समय नहीं दे रहे थे, जिसके चलते दोनों के बीच दो बार तीखी नोकझोंक हुई। विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी स्पीकर से दो बार सुखपाल खैरा को समय देने का अनुरोध किया, लेकिन स्पीकर ने कहा कि चेयर को निर्देशित नहीं किया जा सकता।

नारेबाजी करते हुए कांग्रेस के विधायकों ने किया वॉकआउट

कांग्रेस विधायक प्रगट सिंह भी अपने साथी विधायक सुखपाल सिंह खैरा के समर्थन में आ गए। कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर चले गए। हालांकि सुखपाल सिंह खैरा के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी राणा गुरजीत इस मौके पर सदन से बाहर जाने से कतराते रहे। दोनों नेताओं के बीच बिल्कुल नहीं बनती।

स्पीकर पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप

सदन से वॉकआउट करने के बाद कांग्रेस ने स्पीकर पर विपक्षी विधायकों के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया। सुखपाल खैरा ने कहा कि पहले भी प्रगट सिंह के साथ ऐसा किया गया था और आज उन्हें बोलने का समय नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि स्पीकर विधानसभा के संरक्षक होते हैं, तानाशाह नहीं। हर विधायक को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।

राज्यपाल के अभिभाषण में काली पट्टियां बांधकर आए कांग्रेस विधायक

शुक्रवार को भी शंभू और खनौरी बॉर्डर से किसान मोर्चा को जबरन हटाने के मुद्दे पर कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया था। बजट सत्र (पंजाब बजट सत्र 2025) के पहले दिन सिर्फ राज्यपाल का अभिभाषण होना था। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस विधायक बांहों पर काली पट्टी बांधकर आए थे। राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया जब अपना अभिभाषण पढ़ रहे थे तो विपक्ष के नेता ने उन्हें बीच में टोकते हुए पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वे किसानों और जवानों के पक्ष में नारे लगा रहे थे।