पंजाब पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘गैंगस्टर ते वार’ के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए सीमा पार से संचालित हथियार और नशा तस्करी के एक संगठित मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने जब्त किए अवैध हथियार
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह अत्याधुनिक पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, 115 ग्राम हेरोइन और करीब 11.90 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार से जुड़े तस्करी नेटवर्क के सक्रिय सदस्य हैं और अवैध हथियारों व मादक पदार्थों की तस्करी में लंबे समय से शामिल थे।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई पूरी तरह से इंटेलिजेंस-आधारित ऑपरेशन के तहत की गई, जिसमें संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। तकनीकी और मानवीय खुफिया इनपुट के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर उन्हें धर दबोचा गया।
NDPS और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
इस मामले में थाना कैंटोनमेंट, अमृतसर में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालने में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नेटवर्क किन-किन लोगों से जुड़ा हुआ है और इसके पीछे कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं।
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में संगठित अपराध, नशा तस्करी और नार्को-टेरर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

