लुधियाना के गांव कासाबाद से लापता हुए नौ वर्षीय अमन की हत्या के मामले में रविवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। तीन सदस्यीय डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में बच्चे के साथ यौन शोषण के कोई संकेत नहीं पाए गए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, यौन शोषण की अंतिम पुष्टि के लिए स्वैब सैंपल को जांच हेतु भेजा गया है।
धारदार हथियार से हुई हत्या
सूत्रों ने बताया कि अमन के शरीर पर केवल एक गंभीर चोट पाई गई। किसी धारदार हथियार से उसका गला इतनी गहराई से काटा गया था कि सांस की नली पूरी तरह कट गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शरीर पर किसी तरह के संघर्ष या हाथापाई के निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हत्या के बाद पुलिस को आशंका थी कि अपराध से पहले बच्चे के साथ यौन शोषण किया गया होगा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। इसके बाद जांच की दिशा को और व्यापक किया गया है। अब पुलिस परिजनों से जुड़े किसी पुराने विवाद या व्यक्तिगत रंजिश की संभावना को भी खंगाल रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि परिवार का पहले किसी व्यक्ति से कोई झगड़ा या दुश्मनी तो नहीं थी।
CCTV फुटेज बना अहम सुराग
एडीसीपी-1 समीर वर्मा के अनुसार, पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी है, जिसमें अमन एक व्यक्ति के पीछे झाड़ियों की ओर जाता दिखाई दे रहा है। बाद में उसी इलाके से उसका शव बरामद हुआ। हालांकि फुटेज स्पष्ट न होने के कारण संदिग्ध की पहचान फिलहाल संभव नहीं हो पाई है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं।
घर के बाहर खेलते समय हुआ था गायब
बताया जा रहा है कि अमन बीते गुरुवार दोपहर अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी वह अचानक लापता हो गया। अगले दो दिनों तक परिजन अलग-अलग पुलिस थानों के चक्कर लगाते रहे, क्योंकि घटना का क्षेत्र स्पष्ट नहीं हो पा रहा था। शनिवार को परिजनों ने सलेम टाबरी थाने और जालंधर बाइपास चौक पर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया। कुछ ही घंटों बाद अमन का शव उसके घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में मिला।

