उत्तराखंड को जल्द ही एक बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को देहरादून दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वे बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे(Delhi-Dehradun Expressway) का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह दौरा राज्य के विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।
दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा को तेज और सुविधाजनक बनाने के लिए तैयार यह एक्सप्रेसवे लंबे समय से चर्चा में था। इसके शुरू होने से न सिर्फ यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी नया बल मिलेगा। पहाड़ी क्षेत्रों तक पहुंच अब पहले से ज्यादा सुगम हो जाएगी।
प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए राज्य सरकार और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार इस मौके को और खास बनाने की तैयारी में है। कोशिश की जा रही है कि एक्सप्रेसवे(Delhi-Dehradun Expressway) के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी प्रधानमंत्री के हाथों कराया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों से तैयार परियोजनाओं की सूची मांगी गई है।
ऐतिहासिक बन सकता है दिन
14 अप्रैल का दिन उत्तराखंड के लिए खास माना जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि इस दौरे के साथ प्रदेश में विकास की रफ्तार को नई दिशा मिलेगी और बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।