Friday, March 6, 2026
Home Current News लगातार 12वें दिन भी पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन, भारतीय सेना...

लगातार 12वें दिन भी पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब

Advertisement

पाकिस्तानी सेना अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। 5 और 6 मई की रात को पाकिस्तानी सेना ने फिर सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान ने लगातार 12वें दिन जम्मू-कश्मीर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर के आसपास के इलाकों में नियंत्रण रेखा के पार चौकियों से बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। भारतीय सेना ने भी इसका माकूल जवाब दिया है।

पाकिस्तानी सेना नहीं रुकी, एलओसी पर जारी रही गोलीबारी

इससे पहले सोमवार को पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर गोलीबारी की।

सेना के प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुल्ला और जम्मू संभाग के पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों के सामने एलओसी पार अपनी चौकियों से बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की।

इसका सुरक्षा बलों ने कड़ा जवाब दिया है। आपको बता दें कि पिछले 12 दिनों में पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा, बारामुल्ला, उरी और अखनूर समेत अन्य सेक्टरों में करीब 40 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती गांवों में डर का माहौल बना हुआ है।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत से खौफ में पाकिस्तान

पहलगाम आतंकी हमले के बाद से पाकिस्तान डरा हुआ है। उसे भारत की जवाबी कार्रवाई का डर सता रहा है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के कारण दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। आतंकी हमले में 26 नागरिक मारे गए थे। पाकिस्तान को डर है कि भारत सर्जिकल और एयर स्ट्राइक से भी ज्यादा खतरनाक ऑपरेशन करके पहलगाम के मासूम लोगों की हत्या का बदला लेने की तैयारी कर रहा है।

आतंकियों ने 26 लोगों की नृशंस हत्या कर दी थी
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर 26 पर्यटकों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। सेना की वर्दी पहने आतंकियों ने पहले पर्यटकों से उनका धर्म पूछा, उनके पहचान पत्र चेक किए और फिर पहलगाम की बैसरन घाटी में उन्हें गोली मार दी। तब से लेकर अब तक भारत कई मोर्चों पर पाकिस्तान की नींद उड़ाए हुए है। सिंधु जल संधि को निलंबित करने से लेकर पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने तक भारत ने पाकिस्तान पर कई प्रतिबंध लगाए हैं। दोनों देशों के बीच तनाव अपने चरम पर है।