Pakistan Economic Crisis: पाकिस्तान में गहराते ईंधन संकट के बीच सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 23 मार्च 2026 को होने वाली पाकिस्तान दिवस परेड को रद्द कर दिया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के कार्यालय ने जानकारी दी कि पेट्रोल और डीजल की बचत के लिए यह कदम उठाया गया है।
पाकिस्तान में नहीं आयोजित होंगे बड़े समारोह
सरकार के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव और तेल आपूर्ति में बाधा के चलते देश के ऊर्जा भंडार पर भारी दबाव बना हुआ है। ऐसे हालात में खर्च कम करने के तहत परेड और इससे जुड़े बड़े समारोह इस वर्ष आयोजित नहीं किए जाएंगे।
छोटे कार्यक्रम किए जाएंगे आयोजित
हालांकि, पाकिस्तान दिवस पूरी तरह रद्द नहीं होगा। इसे सीमित और सादगीपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि केवल ध्वजारोहण जैसे छोटे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और सभी मंत्रालयों को निर्देश दिया गया है कि वे इस दिन को गरिमापूर्ण ढंग से मनाएं।
क्यों आया पाकिस्तान पर ये संकट?
इस संकट की जड़ पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष को माना जा रहा है, जहां ईरान का अमेरिका और इजराइल के साथ सैन्य तनाव बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों के कारण अस्थिरता बढ़ी है।
तेल की कमी के कारण देश में घबराहट
विशेषज्ञों का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधा आने से स्थिति और गंभीर हो गई है। यह मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति का एक अहम हिस्सा है, और इसके प्रभावित होने से पाकिस्तान जैसे आयात-निर्भर देशों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ रहा है। तेल की कमी के कारण देश में घबराहट में खरीदारी की स्थिति भी देखने को मिल रही है। ऐसे में सरकार का यह कदम मौजूदा आर्थिक और ऊर्जा संकट की गंभीरता को दर्शाता है।
Read More:
‘अब न दंगे, न कर्फ्यू…’ CM योगी ने सरकार के 9 साल पूरे होने पर अपनी बड़ी उपलब्धियां गिनाईं

