वायरल सेंसेशन मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। फरमान से शादी के बाद जहां उन्हें जान से मारने की धमकियां मिलने की खबरें सामने आईं, वहीं उनके परिवार की ओर से भावुक बयान भी दिए गए। लेकिन अब मोनालिसा ने खुद सामने आकर इन दावों को खारिज करते हुए अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मीडिया से बातचीत में मोनालिसा ने कहा कि उनके परिवार का व्यवहार हमेशा से उनके प्रति ठीक नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बचपन में उन्हें मां का प्यार नहीं मिला और उनके माता-पिता को बच्चों की भावनाओं से ज्यादा पैसों की चिंता रहती थी। उन्होंने यहां तक कहा कि उनकी मां शराब का सेवन करती थीं और पिता का आचरण भी सही नहीं था। मोनालिसा ने अपने जीवन से जुड़ा एक चौंकाने वाला किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक बार उन्हें सांप ने काट लिया था, लेकिन परिवार ने उनका इलाज कराने से इनकार कर दिया और उन्हें मरने के लिए छोड़ दिया। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने ही अपने भाई-बहनों की परवरिश की और घर की जिम्मेदारी संभाली।
उन्होंने यह भी कहा कि जब वह प्रयागराज में वायरल हुईं और चर्चा में आईं, तभी उनके पिता ने उन्हें अपनाया और बेटी कहना शुरू किया। इससे पहले वह उन्हें अपनी संतान तक नहीं मानते थे। मोनालिसा के अनुसार, उनके परिवार का असली मकसद सिर्फ पैसा है। वहीं, इस पूरे विवाद में ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के डायरेक्टर सनोज मिश्रा का नाम भी सामने आया है। सनोज मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि उनकी और उनके परिवार की जान को खतरा है। उनका कहना है कि धर्मांतरण के खिलाफ आवाज उठाने के कारण कुछ संगठनों ने उनके खिलाफ साजिश रची है।
सनोज मिश्रा ने यह भी कहा कि उन्होंने हमेशा मोनालिसा को बहन और बेटी की तरह माना है और उन्हें उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है। उनके मुताबिक, मोनालिसा जो कुछ कह रही हैं, वह उनके अपने शब्द नहीं हैं, बल्कि किसी के प्रभाव में आकर दिए गए बयान हैं। फिलहाल यह मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

