महाराष्ट्र के पुणे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को धार्मिक व्यक्ति बताने वाले एक स्वयंभू बाबा पर महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। आरोपी की पहचान ऋषिकेश वैद्य के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने पिंपरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय पीड़िता की आरोपी से साल 2023 में सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान उसने खुद को भगवान का बड़ा भक्त बताया और पूजा-पाठ सिखाने के बहाने महिला का विश्वास जीत लिया।
नशीला पदार्थ देकर किया दुष्कर्म
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने महिला को पुणे के मांजरी इलाके स्थित एक लॉज में बुलाया। वहां उसने कथित तौर पर महिला को नशीला पदार्थ दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद महिला को आरोपी की असलियत का पता चला। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने घटना के दौरान कुछ तस्वीरें खींच ली थीं और बाद में उन्हीं के आधार पर उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी पालघर में एक सामाजिक संस्था चलाता था और खुद को धार्मिक गुरु के रूप में प्रस्तुत करता था।
फरारी के बाद पिंपरी से गिरफ्तारी
महिला ने पहले वसई के माणिकपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसे बाद में पुणे के हडपसर थाने में ट्रांसफर किया गया। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया और लगातार ठिकाने बदलता रहा। पुलिस को सूचना मिली कि वह पिंपरी में छिपा है, जिसके बाद क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने इसी तरह और कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया। वहीं, आरोपी ऋषिकेश वैद्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया है और दावा किया है कि उसे फंसाया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Read More
नेपाल की नई सरकार ने भारत से बढ़ाई नजदीकियां, PM मोदी ने सहयोग को आगे बढ़ाने की जताई उम्मीद…

