Sunday, March 8, 2026
Home राज्य पंजाब लुधियाना में एलिवेटेड रोड से गुजरते समय ओवरलोड ट्रक से गिरीं गेहूं...

लुधियाना में एलिवेटेड रोड से गुजरते समय ओवरलोड ट्रक से गिरीं गेहूं भरीं बोरियां, 2 कारें चकनाचूर

Ludhiana
Advertisement

लुधियाना के सबसे व्यस्त माने जाने वाले भारत नगर चौक में आज अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब निर्माणाधीन एलिवेटेड पुल से गेहूं से भरी भारी बोरियां नीचे गिरने लगीं। देखते ही देखते सड़क पर चीख-पुकार मच गई। नीचे से गुजर रही दो कारें और सड़क किनारे स्थित कुछ दुकानें इस हादसे की चपेट में आ गईं। राहत की बात यह रही कि कारों में सवार लोगों की जान बच गई, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल के ऊपर से गुजर रहा ट्रक जरूरत से ज्यादा लदा हुआ था। अचानक उसमें से एक के बाद एक गेहूं की बोरियां नीचे आ गिरीं। बताया जा रहा है कि प्रत्येक बोरी का वजन करीब 50 किलोग्राम था। ऊंचाई से गिरने के कारण बोरियों का प्रभाव इतना तेज था कि नीचे खड़ी और गुजर रही कारों की छतें बुरी तरह दब गईं और दरवाजे तक क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक स्विफ्ट और एक होंडा सिटी कार को भारी नुकसान पहुंचा। वहीं दुकान के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल भी इसकी चपेट में आ गई।

पलक झपकते ही सब हुआ तबाह 

मौके पर मौजूद एक दुकानदार ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठा था तभी ऊपर से जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो पुल से बोरियां गिर रही थीं। उसकी दुकान का साइनबोर्ड और बाहर लगी शेड पूरी तरह टूट गई। 

उन्होंने कहा कि यदि उस समय कोई राहगीर वहां से गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

यह भी पढ़ें : क्या है महाशिवरात्रि का व्रत खोलने का सही समय? जानें शुभ मुहूर्त…