Kedarnath Heli Service: केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है। हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग अब 15 अप्रैल से शुरू होगी। पहले इसे शनिवार को शुरू किया जाना था, लेकिन तकनीकी कारणों से तारीख आगे बढ़ा दी गई। अब सभी टिकट केवल ऑनलाइन माध्यम से ही उपलब्ध होंगे, जिसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पूरी तरह डिजिटल होगी प्रक्रिया
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के सीईओ आशीष चौहान के मुताबिक, पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकट बुक किए जा सकेंगे। इसके बाद दूसरे चरण में आगे की तिथियों के लिए बुकिंग खोली जाएगी। बुकिंग की प्रक्रिया आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पूरी तरह डिजिटल तरीके से की जाएगी।
ऐसे करें हेली सेवा की बुकिंग
हेली टिकट बुक करने से पहले श्रद्धालुओं के लिए चारधाम यात्रा पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही वे बुकिंग पोर्टल पर जाकर अपनी यात्रा के लिए स्लॉट चुन सकेंगे। एक यूजर आईडी से एक बार में अधिकतम 6 टिकट ही बुक किए जा सकते हैं। यदि किसी को अधिक टिकट चाहिए, तो उसे अलग-अलग लॉगिन करके बुकिंग करनी होगी। टिकट बुक होने के बाद यदि किसी कारणवश यात्रा नहीं हो पाती है, तो टिकट रद्द करने पर 5 से 7 दिनों के भीतर राशि वापस खाते में भेज दी जाएगी।
बढ़ती मांग के बीच ठगी का खतरा
हर साल केदारनाथ हेली सेवा के टिकटों की भारी मांग रहती है, जिससे कई बार बुकिंग के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बन जाती है। इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग सक्रिय हो जाते हैं। ये ठग आईआरसीटीसी जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को गुमराह करते हैं और सस्ते टिकट या जल्दी बुकिंग का लालच देकर ठगी करते हैं। व्हाट्सएप, सोशल मीडिया और अनजान कॉल्स के जरिए भी लोगों को फंसाने की कोशिश की जाती है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस लगातार इन गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और कई फर्जी वेबसाइटों व नंबरों को ब्लॉक भी किया जा चुका है।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ही टिकट बुक करें और किसी भी अनजान लिंक या ऑफर पर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज के झांसे में आने से बचें, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और परेशानी मुक्त रहे। केदारनाथ यात्रा के लिए हेली सेवा एक सुविधाजनक विकल्प है, खासकर बुजुर्गों और समय की कमी वाले श्रद्धालुओं के लिए। ऐसे में समय पर सही जानकारी और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
Read More:
अमेरिका-ईरान की वार्ता फेल होने के बाद भड़के ट्रंप, कहा – चीन ने मदद की तो बुरे होंगे परिणाम

