दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर स्थित कालिंदी कुंज(Kalindi Kunj) जंक्शन पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए अब ठोस कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने यहां दो फ्लाईओवर बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद यह पूरा चौराहा सिग्नल-फ्री हो जाएगा, जिससे रोजाना गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों का सफर काफी आसान हो जाएगा। इस योजना का लाभ सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश को भी मिलेगा।
NHAI के अधिकारियों की हुई बैठक
हाल ही में इस प्रोजेक्ट को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, नोएडा ट्रैफिक पुलिस और NHAI के अधिकारियों के बीच बैठक हुई, जिसमें विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) पर चर्चा की गई। ट्रैफिक अधिकारियों के अनुसार, जंक्शन को सुगम बनाने के लिए यहां दो लूप फ्लाईओवर तैयार किए जाएंगे, जो ट्रैफिक को बिना रुके आगे बढ़ने में मदद करेंगे।
किधर जाएगा ये फ्लाईओवर ?
योजना के तहत पहला फ्लाईओवर नोएडा की ओर से आने वाले वाहनों को सीधे फरीदाबाद और मुंबई एक्सप्रेसवे की तरफ ले जाएगा, जिससे उन्हें कालिंदी कुंज चौराहे पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं दूसरा फ्लाईओवर फरीदाबाद और एक्सप्रेसवे की दिशा से आने वाले ट्रैफिक को सीधे नोएडा की ओर मोड़ देगा, जो ओखला बैराज रोड से जुड़ा होगा। इससे दोनों दिशाओं में ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।
इसके अलावा, मौजूदा चौराहे को भी बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि इसे और बेहतर बनाने के लिए कुछ हिस्सों का चौड़ीकरण किया जाएगा, ताकि यहां भी ट्रैफिक का संचालन बिना सिग्नल के सुचारू रूप से हो सके। कालिंदी कुंज जंक्शन लंबे समय से दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद को जोड़ने वाला अहम मार्ग रहा है, जहां पीक आवर्स में अक्सर लंबा जाम देखने को मिलता है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद इस समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।