प्रकृति और फूलों से प्रेम करने वाले लोगों के लिए कश्मीर से अच्छी खबर सामने आई है। श्रीनगर(Srinagar) में स्थित एशिया का सबसे बड़ा इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्यूलिप गार्डन 16 मार्च (सोमवार) से पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही कश्मीर में ट्यूलिप सीजन की भी शुरुआत हो जाएगी। अधिकारियों ने मंगलवार को इस संबंध में जानकारी दी।
फ्लोरिकल्चर कश्मीर के निदेशक मथूरा मासूम के अनुसार, गार्डन में ट्यूलिप खिलने शुरू हो चुके हैं, इसलिए विभाग ने इसे सोमवार से पर्यटकों के लिए खोलने का निर्णय लिया है। डल झील के किनारे जबरवान पर्वत श्रृंखला की तलहटी में स्थित यह खूबसूरत गार्डन पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।
गार्डन में लगाए गए करीब 18 लाख ट्यूलिप
अधिकारियों के मुताबिक इस वर्ष गार्डन में 70 से 75 किस्मों के करीब 18 लाख ट्यूलिप लगाए गए हैं। फूलों की क्यारियों की घनत्व भी बढ़ाई गई है, ताकि पर्यटकों को पहले से अधिक आकर्षक और रंग-बिरंगा दृश्य देखने को मिले। गार्डन में काम करने वाले माली भी काफी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि पूरे साल की मेहनत का असली आनंद तब मिलता है जब बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आकर इन खूबसूरत फूलों का आनंद लेते हैं। गार्डन के माली मोहम्मद हुसैन ने बताया कि इस बार करीब 18 लाख ट्यूलिप के बल्बों के साथ-साथ लगभग एक लाख अन्य किस्म के फूल भी लगाए गए हैं।
पिछले वर्ष करीब 8.5 लाख पर्यटक यहां पहुंचे थे और इस बार इससे भी अधिक पर्यटकों के आने की उम्मीद है। बताया जाता है कि ट्यूलिप के फूल अधिक गर्मी सहन नहीं कर पाते। इसी वजह से जब फूल मुरझाने लगते हैं और सीजन समाप्त हो जाता है तो प्रशासन गार्डन को आम लोगों के लिए बंद कर देता है। पिछले साल यह गार्डन 24 अप्रैल को बंद कर दिया गया था। आम तौर पर यह गार्डन मार्च के अंत से लेकर अप्रैल के अंत तक ही पर्यटकों के लिए खुला रहता है।