हरियाणा की 5 सीटों पर इनेलो ने किए उम्मीदवार घोषित, जानिए कहां से लड़ेंगे अभय चौटाला?

हरियाणा की 5 सीटों पर इनेलो ने किए उम्मीदवार घोषित, जानिए कहां से लड़ेंगे अभय चौटाला?

एमएच वन ब्यूरो, चंडीगढ़:

हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा भले ही अभी नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अभी से अपने संभावित प्रत्याशियों की तलाश शुरू कर दी है।

इसी कड़ी में दूसरे दलों से बाजी मारते हुए इनेलो ने अपने पांच प्रत्याशियों के नाम की अनौपचारिक घोषणा कर दी है। विधानसभा प्रत्याशियों के नाम की घोषणा करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि वह खुद ऐलनाबाद विधानसभा से ही चुनाव लड़ेंगे।

उन्होनें कहा कि उन्हें ऐलनाबाद की जनता से प्यार मिला है। ऐसे में ऐलनाबाद की जनता को छोड़कर जाने का सवाल नहीं उठता। रानियां विधानसभा से चुनाव लड़ने की चर्चाओं को लेकर अभय ने इसे कांग्रेस और बीजेपी की ओर से किया जाने वाले दुष्प्रचार बताया।

इन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा

अभय सिंह चौटाला ने बताया कि ऐलनाबाद हलके से वो खुद चुनाव लड़ेंगे, जबकि रादौर से श्याम सिंह राणा, यमुनानगर से दिलबाग सिंह, महेंद्रगढ़ से सुरेंद्र कौशिक और बहादुरगढ़ से नफे सिंह राठी के परिवार के सदस्य को चुनाव लड़ाएंगे।

हरियाणा में कब होगा चुनाव?

हरियाणा में विधानसभा चुनाव अक्टूबर 2024 को या उससे पहले होने की संभावना है। दरअसल, वर्तमान विधान सभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है, जिससे पहले हरियाणा में चुनाव हो सकते हैं। हालांकि, अब तक चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है।