विदेश मंत्रालय की झांकी में दिखी G20 सम्मेलन में भारत की कामयाबी की कहानी

विदेश मंत्रालय की झांकी में दिखी G20 सम्मेलन में भारत की कामयाबी की कहानी

गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में शुक्रवार को विदेश मंत्रालय की कई उपलब्धियों को दर्शाया गया। जिनमें G20 शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी और इस शक्तिशाली समूह की अध्यक्षता के दौरान भारत की कामयाबियां प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

विदेश मंत्रालय की झांकी में वैश्विक मुद्दों का महत्वाकांक्षी, निर्णायक, समावेशी और कार्रवाई उन्मुख तरीके से समाधान करने की दिशा में भारत के नेतृत्व को दर्शाया गया।

इसमें पिछले वर्ष भारत की G20 अध्यक्षता के सफल समापन और उसकी उपलब्धियों को भी दर्शाया गया है। झांकी के सामने वाले हिस्से में नालंदा महाविहार को दर्शाया गया, जिसके ऊपर G20 का लोगो लगा हुआ था।

अफ़्रीकी संघ को G20 का पूर्ण सदस्य बनाने को लेकर भारत की अध्यक्षता में लिए गए निर्णय को ‘‘नमस्ते’’ मुद्रा में हाथ जोड़कर दर्शाया गया। एक हाथ में भारतीय ध्वज और दूसरे में अफ्रीकी संघ का झंडा दिखाया गया।

झांकी में विश्व में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को भी दर्शाया गया। झांकी के किनारों पर डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और मोटे अनाज के साथ हरित विकास में भारत की सफलता को भी दर्शाया गया।

इसमें भारत मंडपम का भी प्रदर्शन किया गया जहां भारत की अध्यक्षता में G20 शिखर सम्मेलन का आयोजन हुआ था और ‘नयी दिल्ली बयान’ को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया था।