Assam Election 2026: असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कार्बी आंगलोंग में आयोजित रैली के दौरान राहुल गांधी का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने मंच से कहा- ‘कांग्रेस पार्टी और हमारे अलायंस ने पांच गारंटी दी हैं। सबसे पहली गारंटी- ‘महिलाओं के लिए आई लव यू टू ऑल ऑफ यू’।’ यह बयान उस वक्त आया जब वह कांग्रेस की चुनावी गारंटियों का जिक्र कर रहे थे, जिससे यह क्लिप सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।
महिलाओं के नारों के बीच दिया जवाब
दरअसल, रैली के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद महिला समर्थक “आई लव यू” के नारे लगा रही थीं। इसी का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा “आई लव यू टू ऑल ऑफ यू”। हालांकि, यह प्रतिक्रिया उस समय आई जब वह मंच से पार्टी की घोषणाओं का जिक्र कर रहे थे, जिससे उनके बयान का संदर्भ अलग तरीके से लिया जाने लगा।
कांग्रेस का घोषणा पत्र भी हुआ जारी
इस रैली के दौरान राहुल गांधी ने असम चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र भी जारी किया। इस मौके पर असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पार्टी के इस घोषणापत्र में शासन, पहचान, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा, औद्योगीकरण, कृषि, ग्रामीण-शहरी विकास, जलवायु परिवर्तन और सुरक्षित असम समेत कुल 11 क्षेत्रों पर फोकस किया गया है।
‘पांच गारंटी’ पर भी किया जोर
रैली में राहुल गांधी ने कांग्रेस की प्रमुख पांच गारंटियों का भी जिक्र किया। इनमें महिलाओं के लिए प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता और स्वरोजगार के लिए 50 हजार रुपये, 10 लाख लोगों को भूमि पट्टा, वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1,250 रुपये मासिक सहायता और गंभीर बीमारियों के लिए 25 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा शामिल है। इसके अलावा, 100 दिनों के भीतर गायक जुबिन गर्ग से जुड़े मुद्दों पर न्याय देने की बात भी कही गई है।
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
राहुल गांधी के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोग इसे हल्के-फुल्के अंदाज में लिया गया जवाब बता रहे हैं, तो कुछ इसे चुनावी मंच पर अनुचित समय पर दिया गया बयान मानकर आलोचना कर रहे हैं।
चुनावी माहौल में बयान
असम विधानसभा चुनाव के बीच यह बयान राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गया है। जहां एक ओर कांग्रेस अपने वादों और घोषणाओं को लेकर प्रचार में जुटी है, वहीं राहुल गांधी का यह बयान चुनावी माहौल में चर्चा का विषय बन गया है।
Read More:

