हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य दिल्ली में खरगे से बातचीत करेंगे, बागियों से मुलाकात की

हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को दिल्ली जाने से पहले अयोग्य घोषित किए गए कांग्रेस के छह विधायकों से हरियाणा के पंचकूला में मुलाकात की। दिल्ली में उनका पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिलने का कार्यक्रम है।

इस बीच, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यहां मीडियाकर्मियों से कहा कि विक्रमादित्य सिंह ने बृहस्पतिवार को उन्हें सूचित किया कि कांग्रेस के कुछ बागियों ने उनसे संपर्क किया है और वे वापस आना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ”मैंने विक्रमादित्य सिंह से इन बागी विधायकों और कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से बात करने को कहा।” उन्होंने कहा कि इन बागी विधायकों के परिवार के सदस्य उनसे बात कर रहे हैं और वे कांग्रेस में रहना चाहते हैं।

सुक्खू ने कहा, ”विक्रमादित्य सिंह आज नयी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिलेंगे और हम देखेंगे कि क्या होता है लेकिन सरकार को कोई खतरा नहीं है।”

हिमाचल प्रदेश की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में कांग्रेस के छह बागियों ने ‘क्रॉस वोटिंग’ की थी जिसके चलते भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हर्ष महाजन ने कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी को हरा दिया था।

इसके बाद, कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने शिमला में पार्टी विधायकों से बात करने के लिए पर्यवेक्षकों की एक टीम भेजी। इस बीच, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने विधानसभा में राज्य के बजट के लिए मतदान पर पार्टी व्हिप का कथित तौर पर उल्लंघन करने के चलते संबंधित छह विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया।

‘क्रॉस वोटिंग’ के घटनाक्रम के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने मंत्रिपरिषद से अपने इस्तीफे की घोषणा की थी, लेकिन पर्यवेक्षकों के साथ बैठक के बाद उन्होंने अपना रुख नरम कर लिया।

सुक्खू ने कहा, ‘‘बागी पंचकूला में एक होटल में ठहरे हुए हैं। हम देखेंगे कि जब वे हिमाचल में प्रवेश करेंगे तो क्या करना है।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस बागियों को वापस लेगी, सुक्खू ने कहा, ”मैंने पहले ही इस मुद्दे पर अपना रुख साफ कर दिया है।”

मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि पार्टी बागियों को वापस लेने के लिए तैयार है।

अपने आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सिंह दिल्ली की दो दिवसीय यात्रा पर हैं जहां वह शनिवार को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे।

पूर्व में सुक्खू सरकार के कामकाज पर असंतोष व्यक्त कर चुकीं प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री कुछ कार्यक्रमों के लिए दिल्ली गए हैं और कांग्रेस आलाकमान से भी मिलेंगे।

राज्य में सत्तारूढ़ दल में बेचैनी है क्योंकि भाजपा बार-बार दावा कर रही है कि कांग्रेस के कुछ और विधायक उसके संपर्क में हैं तथा सरकार लंबे समय तक नहीं चलेगी।