Traffic Rules For Maharashtra Police: महाराष्ट्र में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। अब राज्य में ड्यूटी के दौरान दोपहिया वाहन चलाने वाले सभी पुलिसकर्मियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। महाराष्ट्र पुलिस के डीजीपी ने इस संबंध में राज्य के सभी पुलिस आयुक्तालयों और जिला इकाइयों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
नागपुर बैठक के बाद लिया गया फैसला
यह निर्णय हाल ही में नागपुर में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद लिया गया। बैठक में डीजीपी ने स्पष्ट किया कि कानून लागू कराने वाली एजेंसी यदि खुद नियमों का पालन नहीं करेगी, तो आम जनता में जागरूकता लाना मुश्किल होगा। इसलिए पुलिसकर्मियों को उदाहरण बनकर सामने आना होगा।
नियम तोड़ने पर लगेगा जुर्माना
नए आदेश के तहत यदि कोई पुलिसकर्मी बिना हेलमेट दोपहिया चलाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ Motor Vehicles Act Section 194D के तहत जुर्माना लगाया जाएगा। इतना ही नहीं, यदि किसी पुलिसकर्मी की बिना हेलमेट की तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आती है, तो इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उसकी सेवा पुस्तिका में दर्ज किया जाएगा, जिससे उसके करियर पर भी असर पड़ सकता है।
सड़क हादसों के आंकड़े बने चिंता का कारण
पुलिस विभाग के अध्ययन के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए या गंभीर रूप से घायल लोगों में 35 से 40 प्रतिशत दोपहिया चालक शामिल रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हेलमेट का सही उपयोग सिर की गंभीर चोटों और मौत के जोखिम को काफी हद तक कम करता है, लेकिन इसके बावजूद कई जगहों पर नियमों की अनदेखी की जाती रही है।
छोटे जिलों में बेहद खराब है स्थिति
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई और नागपुर जैसे शहरों में 80 प्रतिशत से अधिक दोपहिया चालक हेलमेट पहनते हैं, जबकि अन्य जिलों में यह आंकड़ा 20 प्रतिशत से भी कम है। ऐसे में यह आदेश पूरे राज्य में सड़क सुरक्षा मानकों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
आम जनता पर भी पड़ेगा असर
डीजीपी कार्यालय ने सभी इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे आदेश का तुरंत पालन सुनिश्चित करें और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजें। अधिकारियों का मानना है कि जब पुलिस खुद नियमों का पालन करेगी, तो आम लोगों में भी हेलमेट पहनने की आदत बढ़ेगी और सड़क हादसों में कमी आएगी।
Read More:

