Tuesday, February 10, 2026
HomeCurrent NewsHaryana : पंचकूला में रिटायर्ड बैंक अधिकारी साइबर ठगी का शिकार, क्रेडिट...

Haryana : पंचकूला में रिटायर्ड बैंक अधिकारी साइबर ठगी का शिकार, क्रेडिट कार्ड के नाम पर लूटे 12 लाख रुपये

हरियाणा के पंचकूला में साइबर ठगों ने रिटायर्ड बैंक अधिकारी से 12 लाख से अधिक की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर पीड़ित से जरूरी जानकारी हासिल की और कुछ ही दिनों में उसके खाते से लाखों रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगा

पंचकूला निवासी सुशील कुमार सिंगल ने पुलिस को बताया कि वे रिटायर्ड बैंक अधिकारी हैं। 31 दिसंबर को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम रोहित यादव बताया और खुद को PNB का अधिकारी बताया। उसने कहा कि बैंक रिटायर्ड कर्मचारियों को 5 लाख रुपये की लिमिट वाला क्रेडिट कार्ड जारी कर रहा है, जिसके लिए कुछ बैंक डिटेल्स की जरूरत है। बैंक अधिकारी समझकर सुशील सिंगल ने अपने खाते से जुड़ी जानकारी, कार्ड नंबर और पिन तक साझा कर दिए। ठग ने भरोसा दिलाया कि 10 दिन के भीतर क्रेडिट कार्ड उनके घर पहुंच जाएगा। इसके कुछ ही समय बाद उनके मोबाइल पर 25 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। अगले तीन दिनों में छह बार ट्रांजैक्शन कर उनके खाते से कुल 12.20 लाख रुपये निकाल लिए गए।

बैंक पहुंचने पर खुला फर्जीवाड़े का राज

लगातार कट रही रकम से परेशान होकर पीड़ित जब बैंक पहुंचा और मामले की जानकारी दी, तो बैंक अधिकारियों ने साफ किया कि रोहित यादव नाम का कोई भी कर्मचारी बैंक में कार्यरत नहीं है। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।

जांच में जुटी साइबर थाना पुलिस

साइबर थाना पंचकूला के जांच अधिकारी SI हरजीत ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस साइबर ठगी से जुड़े आरोपियों को ट्रेस कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments