Thursday, February 12, 2026
HomeCurrent Newsश्रद्धा और उल्लास के साथ मथुरा में मनाया गया ‘गोवर्धन पूजा' पर्व

श्रद्धा और उल्लास के साथ मथुरा में मनाया गया ‘गोवर्धन पूजा’ पर्व

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार को ‘गोवर्धन पूजा’ का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुष्टि मार्ग संप्रदाय के ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में हालांकि ‘गोवर्धन पूजा’ शुक्रवार को ही मनाई गई। अधिकारियों के मुताबिक शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत की सप्तकोसीय परिक्रमा करने निकल पड़े। परिक्रमा में बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं के साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। वहीं, जिला और नगर प्रशासन से जुड़े अधिकारी विश्राम घाट पर होने वाले विशेष स्नान की व्यवस्थाओं में जुटे रहे। इसके साथ ही रविवार को शहर की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बाहरी ही नहीं, बल्कि स्थानीय तिपहिया और चौपहिया वाहनों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया।

जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शैलेश कुमार पांडेय और नगर आयुक्त शशांक चौधरी अन्य अधिकारियों के साथ शहर के सभी प्रमुख मार्गों, यमुना घाटों, बाजारों आदि की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखते नजर आए। नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने बताया कि विश्राम घाट समेत सभी प्रमुख घाटों पर सुरक्षित स्नान के लिए बैरियर लगा दिए गए हैं और शौचालय, खोया-पाया केंद्र तथा महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 150 पुलिसकर्मी और घाटों की निगरानी के लिए 500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की बाढ़ इकाई के अधिकारी यमुना में मोटरबोटों पर लगातार नजर रखेंगे।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि शनिवार रात से ही श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो जाएगा, इसलिए आज से रविवार तक रूट परिवर्तन योजना लागू रहेगी। उन्होंने बताया कि घाटों की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरियर लगा दिए जाएंगे और दो से तीन नवंबर तक यमुना की ओर जाने वाले हर रास्ते पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। अधिकारी ने बताया कि केवल पैदल श्रद्धालुओं को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments