दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब विशाखापत्तनम से आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट(IndiGo Flight) में तकनीकी खराबी की सूचना मिली। इंजन में गड़बड़ी की आशंका के चलते रनवे 28 पर तुरंत ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई। हालांकि, पायलट की सतर्कता और एयरपोर्ट स्टाफ की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
कब हुई आपातकालीन लैंडिंग ?
आपातकालीन प्रक्रियाओं के बीच विमान ने सुबह 10:54 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के दौरान रनवे पर दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस पहले से तैनात थीं, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तकनीकी खामी के कारण ही यह इमरजेंसी कॉल की गई थी। सभी संबंधित एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया था। फिलहाल एयरलाइन की तकनीकी टीम विमान की गहन जांच में जुटी है।
फ्लाइट में कुल 161 यात्री थे सवार
इस फ्लाइट(IndiGo Flight) में कुल 161 यात्री सवार थे। लैंडिंग के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और जरूरी जांच के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। इंडिगो अब यह पता लगाने में जुटी है कि इंजन में आई खराबी कितनी गंभीर थी और इसके पीछे की असली वजह क्या है।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब हाल ही में संसद की स्थायी समिति ने देश में विमान सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई थी। रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2025 से फरवरी 2026 के बीच 754 विमानों के ऑडिट में करीब आधे, यानी 377 विमानों में बार-बार तकनीकी खामियां पाई गईं। ऐसे में यह ताजा घटना केवल एक संयोग नहीं, बल्कि व्यापक समस्या की ओर इशारा करती है। समिति ने पहले ही नागरिक उड्डयन क्षेत्र में बड़े स्तर पर सुधार की जरूरत पर जोर दिया है।