BJP में शामिल हुईं पूर्व CM अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। पिछले साल फरवरी महीने में उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कांग्रेस से निलंबित कर दिया गया था।

पटियाला से सांसद परनीत कौर ने यहां भाजपा मुख्यालय में पार्टी महासचिव विनोद तावड़े, तरुण चुघ, अरुण सिंह, पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ और राज्य के प्रभारी व गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौजूदगी में भगवा दल की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर तावड़े ने कहा कि परनीत कौर जैसे जनप्रतिनिधि के भाजपा में आने से पंजाब में भाजपा मजबूत होगी। परनीत कौर ने भाजपा में शामिल होने पर खुशी जताई और कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काम और उनकी नीतियों से प्रभावित हुई हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ही वह शख्सियत हैं जिनके नेतृत्व में हमारे बच्चों और देश का भविष्य सुरक्षित है। मैं उनके साथ जुड़कर काम करना चाहती हूं। आज वह समय आ गया है जब सभी को देश की तरक्की के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एकत्र हो जाना चाहिए।’’

परनीत कौर, मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में विदेश राज्य मंत्री थीं।

वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाने का फैसला किया था और उनकी जगह चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया था।

चुनाव से पहले अमरिंदर सिंह ने अपनी अलग पार्टी ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ (पीएलसी) का गठन किया था। परनीत कौर ने विधानसभा चुनाव में अपने पति के लिए प्रचार भी किया था। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

चुनाव में कुछ खास सफलता न मिलने के बाद अमरिंदर सिंह अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके साथ ही उन्होंने अपनी नवगठित पार्टी पीएलसी का भाजपा में विलय भी कर दिया था।