नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार रात जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान फायरिंग की कोशिश की गई। घटना उस समय हुई जब फारूक अब्दुल्ला एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। हमलावर अचानक पीछे से आया और उनके सिर पर बंदूक तान दी।
सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत पकड़ा हाथ, हवा में चली गोली
मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए हमलावर का हाथ पकड़ लिया, जिससे गोली हवा में चल गई और फारूक अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को तुरंत काबू में कर लिया।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी पीछे से आता है और फारूक अब्दुल्ला के सिर पर बंदूक तान देता है। तभी सुरक्षा कर्मी तुरंत हरकत में आते हैं और उसका हाथ हटाकर संभावित हमले को टाल देते हैं।
डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी थे मौजूद
बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी मौजूद थे। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की सुरक्षा और कड़ी कर दी।
20 साल से मारने की थी योजना – आरोपी का दावा
हमलावर की पहचान कमल सिंह जामवाल के रूप में हुई है। उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब 20 सालों से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था और इसी मकसद से उसने हमला करने की कोशिश की।
पुलिस जांच में जुटी, साजिश के एंगल की भी पड़ताल
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हमले के पीछे कोई साजिश तो नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं।

