चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों(Election Dates) की घोषणा कर दी है। चुनाव आयोग ने बताया कि पाँच राज्यों में 824 विधानसभा सीटों के लिए हो रहे चुनावों में कुल 17.4 मिलियन मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। आयोग ने आगे जानकारी दी कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 219,000 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा।
कब कितनी सीटों पर होगा मतदान ?
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से 152 सीटों पर पहले चरण में 23 अप्रैल को और बाकी 142 सीटों पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। वहीं, तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 अप्रैल को एक ही चरण में कराया जाएगा।
असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में चुनाव एक ही चरण में होंगे। इन तीनों जगहों पर सभी विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल 2026 को मतदान कराया जाएगा। केरल की 140 सीटों, असम की सभी सीटों और पुडुचेरी की विधानसभा के लिए उसी दिन वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक, इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में पड़े मतों की गिनती 4 मई 2026 को एक साथ की जाएगी। यानी 9 अप्रैल से शुरू होने वाली चुनावी प्रक्रिया का अंतिम परिणाम 4 मई को सामने आएगा।
कितने मतदाता डालेंगे वोट ?
इन पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में कुल मिलाकर लगभग 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव आयोग के अनुसार इन राज्यों में कुल 824 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए करीब 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए गए हैं और लगभग 25 लाख कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। आयोग के मुताबिक इन राज्यों में एक मतदान केंद्र पर औसतन 750 से 900 मतदाता होंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची के अनुसार असम में करीब 2.25 करोड़, केरल में लगभग 2.7 करोड़, पुडुचेरी में करीब 9.44 लाख, तमिलनाडु में लगभग 5.67 करोड़ और पश्चिम बंगाल में 6.44 करोड़ मतदाता दर्ज किए गए हैं। पश्चिम बंगाल की अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को जारी की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि न्यायालय के किसी निर्णय के बाद पूरक मतदाता सूची जारी होती है तो उसे भी अंतिम आंकड़ों में जोड़ा जाएगा।