दिल्ली के सीमापुरी(Seemapuri) इलाके से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। एक 24 वर्षीय युवक ने 15 साल की नाबालिग लड़की पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। रविवार (5 अप्रैल) को इलाज के दौरान लड़की ने दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, यह मामला सीमापुरी थाना क्षेत्र का है। आरोपी युवक, जिसकी पहचान जतिन के रूप में हुई है, ने शाम करीब 5:15 बजे वारदात को अंजाम दिया। घटना उस समय हुई जब पीड़िता अपने घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हमले में अन्य युवकों के शामिल होने की आशंका भी जताई जा रही है।
नाबालिग ने मां को फोन कर दी जानकारी
घायल होने के बावजूद नाबालिग ने हिम्मत दिखाते हुए खुद अपनी मां को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू हुआ, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि पीड़िता ने हाल ही में 28 मार्च को अपना 15वां जन्मदिन मनाया था और उसने 10वीं की परीक्षाएं भी दी थीं।
घटना के बाद आरोपी के घर में हुआ हादसा
घटना के बाद आरोपी जतिन के घर में भी एक हादसा हुआ। नई सीमापुरी के सी-ब्लॉक स्थित उसके घर में सिलेंडर फटने से आग लग गई, जिसमें वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी भी मौत हो गई। जतिन ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था और अपने पिता के निधन के बाद मां के साथ रह रहा था। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस हमले के पीछे असली वजह क्या थी और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस पर सख्त कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है।