दिल्ली में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर का फिल्म महोत्सव आयोजित होने जा रहा है, जिसे लेकर राजधानी में उत्साह का माहौल है। दिल्ली सरकार का दावा है कि इस पहल से न केवल सिनेमा और रचनात्मक अभिव्यक्ति को नया मंच मिलेगा, बल्कि पर्यटन को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलेगा।
भारत मंडपम में होगा महोत्सव का आयोजन
बुधवार को दिल्ली सचिवालय में इस महोत्सव का कर्टेन रेजर आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जबकि दिल्ली के कला, संस्कृति, भाषा एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
सरकार के अनुसार यह आयोजन राजधानी में सिनेमा और रचनात्मकता का उत्सव मनाने की दिशा में एक अहम सांस्कृतिक पहल है। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 2026 का आयोजन 25 से 31 मार्च 2026 तक नई दिल्ली में किया जाएगा। इस महोत्सव का मुख्य स्थल भारत मंडपम, प्रगति मैदान होगा, जहां देश-विदेश की 125 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का होगा आयोजन
फेस्टिवल के दौरान भव्य उद्घाटन और समापन समारोह, गाला प्रीमियर, मास्टरक्लास, इंडस्ट्री पैनल डिस्कशन, फिल्म मार्केट और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।
यह महोत्सव दिल्ली सरकार की फिल्म नीति के तहत आयोजित किया जा रहा है और इसका संचालन दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (DTTDC) द्वारा किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य दिल्ली को एक वैश्विक फिल्म और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करना है, ताकि फिल्म पर्यटन और रचनात्मक उद्योगों को नई दिशा और अवसर मिल सकें।