Delhi Fire Incident: राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग लग गई देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
इमारत में 18 लोग मौजूद
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान से हुई। देखते ही देखते लपटें ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गईं, जिससे पूरे मकान में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय इमारत में कुल 18 लोग मौजूद थे। बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता आग की चपेट में आ जाने के कारण कई लोग अंदर ही फंस गए।
लोगों ने ऊपरी मंजिल से छलांग लगाई
जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने ऊपरी मंजिल से छलांग लगाई, जिससे वे घायल हो गए लेकिन अपनी जान बचाने में सफल रहे। वहीं, कई लोग समय रहते बाहर नहीं निकल पाए, जिसके चलते उनकी मौत हो गई।
दमकल की 30 गाड़ियां मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और मौके पर करीब 30 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। आग बुझाने और फंसे लोगों को निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दमकल विभाग के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। कॉल मिलने के बाद तुरंत टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
आग लगने के कारणों की जांच की जा रही
पालम मेट्रो स्टेशन के पास गली नंबर 2 में स्थित इस इमारत में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या दुकान में रखे ज्वलनशील सामान से आग भड़कने की जताई जा रही है। फिलहाल, आग पर काबू पाने और पूरी स्थिति को सामान्य करने का प्रयास जारी है। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी चल रही है।
Read More:
पंजाब में नशा विरोधी अभियान जारी, हेरोइन-अफीम समेत 69 तस्कर गिरफ्तार

