दिल्ली: अवैध पटाखा बनाते समय घर में हुआ Blast, 1 युवक की मौत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के वेलकम इलाके में उस वक्त विस्फोट हो गया जब यहां घर में रसायनों को मिलाकर पटाखा बनाया जा रहा था। इस घटना में एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने इस घटना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह घटना शुक्रवार को हुई है मृत युवक पटाखा बनाने के लिए दो खतरनाक रसायनों को मिला रहा था जिसके बाद यह विस्फोट हो गया जिसमें एक युवक घायल हो गया।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) जॉय टिर्की ने कहा कि एक घर में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना शुक्रवार दोपहर दो बजकर 10 मिनट पर मिली थी।

उन्होंने बताया कि पीड़ित को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रात करीब साढ़े आठ बजे उसने दम तोड़ दिया।

टिर्की ने कहा कि अपराध इकाई और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के दलों ने सबूत एकत्र करने के लिए घटनास्थल का दौरा किया।